वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। शहर के मोहद्दीपुर–कौवाबाग ओवरब्रिज पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने भीषण हादसा कर दिया। दुर्घटना में आकाश पांडेय नामक MBBS छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात एक फॉर्च्यूनर कार तेज गति से ओवरब्रिज पर आ रही थी। इसी दौरान कार ने सामने से आ रहे बाइक और स्कूटी सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग से जा टकराया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक आकाश पांडेय BRD Medical College में MBBS तृतीय वर्ष के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजवाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फॉर्च्यूनर कार चला रहा युवक गोल्डेन साहनी था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद छात्र के परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद लोगों ने शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

No comments:
Post a Comment