वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार नगर निगम सभागार में सिटी हीट वेव एक्शन प्लान के निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई योजनाओं की विशेषज्ञों ने गहन समीक्षा की और आवश्यक सुझाव दिए।
बैठक में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर गोविंद पांडे, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर शरद कुमार मिश्रा तथा अपर नगर आयुक्त प्रथम दुर्गेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने विभागों द्वारा तैयार की गई योजना का विस्तार से परीक्षण किया। समीक्षा के दौरान विभागीय प्रतिनिधियों को योजना को पुनः अवलोकन कर आवश्यक संशोधन करने के लिए सुझाव बिंदु प्रदान किए गए।
बैठक में सूचना, परिवहन, विद्युत, पशुपालन, जल निगम, अग्निशमन, कृषि, उद्यान, मौसम विभाग, वन विभाग, श्रम विभाग, विकास प्राधिकरण तथा चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि विभाग अपनी योजनाओं में ऐसी गतिविधियों को शामिल करें जिन्हें अल्पावधि (एक वर्ष के भीतर), मध्यावधि (एक से तीन वर्ष के भीतर) तथा दीर्घकालिक (तीन से पांच वर्ष के भीतर) अवधि में पूरा किया जा सके। साथ ही किए गए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि विभागों द्वारा तैयार की जा रही योजना का प्रस्तुतीकरण 16 मार्च 2026 को सायं 5:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राहत आयुक्त के समक्ष किया जाएगा। बैठक का संचालन आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता, गोरखपुर द्वारा किया गया।
https://www.facebook.com/share/v/1D2c9XyNQf/

No comments:
Post a Comment