<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, March 30, 2026

सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी बना निवेश का सर्वाेत्तम गंतव्य, गोरखपुर की भूमिका अहम - मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश तीव्र गति से विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश अब उत्तम से सर्वोत्तम बनने की दिशा में बढ़ रहा है, जिसमें गोरखपुर की महत्वपूर्ण भूमिका है। ये बातें प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रविवार को दैनिक जागरण की ओर से कोटयार्ड बाय मैरिएट में आयोजित ‘एक्सीलेंस अवार्ड 2026’ कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते वर्षों में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रयास किए हैं। नौ वर्षों में लगभग 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को प्रदान की गई, जिससे निवेश को गति मिली और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए।
उन्होंने बताया कि सरकार की नीतियां पूर्णतः पारदर्शी हैं और उद्यमियों को किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
उन्होंने ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों एवं पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिली है। साथ ही, प्रदेश में अनुकूल निवेश वातावरण तैयार होने से देश-विदेश के निवेशक आकर्षित हो रहे हैं।
कानून-व्यवस्था के विषय पर मंत्री ने कहा कि सरकार की सख्त नीतियों के कारण अपराध एवं माफिया पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। वर्तमान में प्रदेश में निवेश और व्यापार के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है, जो विकास की गति को और तेज कर रहा है।
आधारभूत संरचना के विकास को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित कई बड़े परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। सड़क, परिवहन और औद्योगिक ढांचे के विस्तार से उत्तर प्रदेश आर्थिक रूप से सशक्त बन रहा है। सरकार बिना भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों के कारण अनेक देशों में व्यापक स्तर पर विनाश हो रहा है और नई आर्थिक चुनौतियां उत्पन्न हुई हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में भारत इन परिस्थितियों का दृढ़ता से सामना कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जहां विश्व के कई हिस्से दहशत के साये में हैं, वहीं भारत में विकास और जनजीवन सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है। आज उत्तर प्रदेश निवेश के लिए देश का सबसे उपयुक्त गंतव्य बनकर उभरा है और बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियां यहां उद्योग स्थापित करने के लिए उत्सुक हैं।
अंत में उन्होंने जताया कि जनता का उत्साह दर्शाता है कि वर्ष 2027 में भी प्रदेश में विकास की निरंतरता बनी रहेगी। इस अवसर पर गैलेंट इंडस्ट्री के मैनेजिंग डायरेक्टर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, ऐश्प्रा के निदेशक सौमित्र सराफ आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages