वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने धोखाधड़ी कर माल हड़पने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में माल सहित नकदी व मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना बेलहरकला अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त आकाश त्रिपाठी पुत्र योगेन्द्र उर्फ जोगेन्दर त्रिपाठी निवासी नेवास थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर को 27 मार्च 2026 को वहदग्राम जसवल से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 12 बोरी चोकर, 03 बोरी चुन्नी, 12 बोरी खण्डा दाल, 02 बोरी दर्रा, एक मोबाइल फोन तथा बिक्री के 6,850 रुपये बरामद किए गए।
प्रकरण के अनुसार, वादी राजेश कुमार गुप्ता निवासी डीघा थाना कोतवाली खलीलाबाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने स्वयं को अनुज सिंह बताकर फोन के माध्यम से चोकर व खण्डा मंगवाया। भुगतान का भरोसा दिलाकर उसने 69 बोरी माल मंगवाया और चालक को बहाने से जंगल बेलहर स्थित एक मकान पर माल उतरवा दिया। बाद में आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया और माल लेकर फरार हो गया।
जब चालक पुनः मौके पर पहुंचा तो पता चला कि आरोपी द्वारा पहले ही मकान मालिक को फोन कर पिकअप में माल लदवा लिया गया था। इस प्रकार योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी कर पूरा माल हड़प लिया गया।
इस संबंध में थाना बेलहरकला पर मु0अ0सं0 70/2026 धारा 319(2), 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।

No comments:
Post a Comment