वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद में गैस सिलेंडर एवं पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर उत्पन्न स्थिति पर बस्ती सदर के विधायक महेन्द्र नाथ यादव ने नागरिकों से संयम और जागरूकता बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक सफल सरकार अपनी कार्यकुशलता और दूरदर्शिता के आधार पर समय पर उचित निर्णय लेती है, जिससे जनता में किसी प्रकार का भ्रम या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो।
वर्तमान में गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने तथा पेट्रोल पंपों पर ईंधन के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग अपने दैनिक कार्यों को छोड़कर घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, जो चिंता का विषय है।
विधायक ने कहा कि इस परिस्थिति में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी बनती है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी को फैलने न दें। साथ ही ऐसी स्थितियां उत्पन्न न होने दें, जिनसे कालाबाजारी या जनहित के विरुद्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
उन्होंने बस्तीवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग संयम और समझदारी का परिचय दें, एकजुट होकर अपने आसपास के लोगों को जागरूक करें और इस चुनौतीपूर्ण समय में मिलकर स्थिति का सामना करें।

No comments:
Post a Comment