बस्ती। हर्रैया बीआरसी के प्रांगण में शनिवार को विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों और प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय कार्यशाला खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यशाला में ब्लॉक के सभी 159 परिषदीय विद्यालयों के एसएमसी अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाना, वित्तीय एवं प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा विद्यालय विकास में समुदाय की सक्रिय भागीदारी को सशक्त बनाना था।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति शिक्षा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने जोर दिया कि यदि समिति अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता और सजगता के साथ करे, तो विद्यालयों में अनुशासन, संसाधनों का समुचित उपयोग और विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
बीईओ ने प्रधानाध्यपकों से कार्यशाला में प्राप्त जानकारियों को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने और अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने की अपील की। ब्लॉक के एआरपी सन्तोष कुमार शुक्ल और रवीश कुमार मिश्र के निर्देशन में कार्यशाला के प्रशिक्षक डॉ श्री नारायन मिश्र, विपिन शुक्ल, मनीष पाण्डेय और लवकुश त्रिपाठी ने विस्तृत ढंग से एसएमसी अध्यक्षों और प्रधानाध्यपकों कार्य दायित्व एवं विद्यालय संचालन के बारे में बताया। प्रशिक्षकों ने बाल अधिकार एवं बाल अधिकारों का संरक्षण, निःशुल्क और बाल शिक्षा का अधिकार, विद्यालय प्रबंध समिति की संरचना, गठन, कार्यकाल, विद्यालय प्रबंध समिति के दायित्व, वित्तीय दायित्व, विद्यालय विकास योजना, स्थानीय प्राधिकारी के कार्य एवं दायित्व, बैठक रजिस्टर, शारदा कार्यक्रम के अंतर्गत आउट ऑफ स्कूल बच्चों का चिन्हांकन, दिव्यांग बच्चे एवं यूडायस की जानकारी, समग्र शिक्षा का सोशल ऑडिट, बालिका शिक्षा एवं प्री स्कूल, निपुण भारत मिशन एवं गुणवत्ता शिक्षा, ऑपरेशन कायाकल्प में एसएमसी के कार्य एवं दायित्व, मध्यान भोजन योजना, अभिभावक एवं सामुदायिक भागीदारी आदि के बारे में विस्तृत ढंग से जानकारी दिया।
इस अवसर पर शिक्षक संघ के पदाधिकारी रामसागर वर्मा, रामपियारे, श्रवण कुमार, प्रेम सागर सहित बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक और एसएमसी अध्यक्ष उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment