वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राजकीय रेशम फार्म कजरीकुंड पर रेशम विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री रेशम योजना के अंतर्गत एकदिवसीय जनपद स्तरीय रेशम मेला एवं प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषकों एवं प्रतिभागियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेशम उत्पादन किसानों के लिए आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बन सकता है।
विशिष्ट अतिथि विधायक हर्रैया प्रतिनिधि सरोज मिश्र ने भी प्रतिभागियों को योजना से जुड़कर स्वावलंबी बनने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में केंद्रीय रेशम बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ. राम लखन राम तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेमशंकर ने किसानों को रेशम कीट पालन की आधुनिक तकनीकों एवं लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मेले के दौरान दो प्रगतिशील रेशम उत्पादकों श्रीमती सरपता एवं सुश्री चांदनी को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुधीर पांडे ने किया। मेले में स्वयं सहायता समूह, रेशम विभाग, दुग्ध विभाग, उद्यान विभाग, गन्ना विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
अंत में सहायक निदेशक रेशम बस्ती ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राज मंगल चौधरी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पी.के. मिश्रा, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा बस्ती के जिलाध्यक्ष नवीन दुबे सहित विभिन्न विकास खंडों के 400 से अधिक कृषक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment