वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
कानपुर/लखनऊ। भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (DCID) योजना के अंतर्गत राजस्थान से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में विकसित कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का अवलोकन किया। इस दौरान पत्रकारों ने एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा यातायात सुगमता से जुड़ी व्यवस्थाओं को करीब से देखा।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तहत विकसित यह एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान कर रहा है। पत्रकारों ने परियोजना के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों को समझते हुए इसकी सराहना की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ‘जूट वाली दीदी’ के नाम से प्रसिद्ध अंजली सिंह से मुलाकात की। अंजली सिंह ने बताया कि उन्होंने छोटे स्तर से शुरुआत कर जूट उत्पादों के माध्यम से कई महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार की योजनाओं, कौशल विकास प्रशिक्षण, कॉमन फैसिलिटी सेंटर एवं वित्तीय सहयोग से उनके उद्यम को विस्तार मिला, जिससे स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हुआ। पत्रकारों ने जूट उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा कार्यरत महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव, आय में वृद्धि और सामाजिक सशक्तिकरण के पहलुओं को जाना।
महिलाओं ने बताया कि इस पहल से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और समाज में नई पहचान भी मिली है।
उल्लेखनीय है कि यह मीडिया भ्रमण भारत सरकार की DCID योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रदर्शित करना तथा उनकी जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है।


No comments:
Post a Comment