वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत साइबर सेल थाना बेलहरकला पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को 34,743 रुपये की धनराशि उसके खाते में वापस कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सांथा निवासी चन्द्रशेखर पुत्र रामकेवल के मोबाइल पर 13 मार्च 2026 को क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर एक लिंक भेजा गया। अज्ञात साइबर अपराधी ने उस लिंक के माध्यम से उनके क्रेडिट कार्ड से 34,743 रुपये की खरीदारी कर ली। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क थाना बेलहरकला द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि (100 प्रतिशत) पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक नन्दा प्रसाद, कांस्टेबल दीनानाथ, कांस्टेबल शैलेश यादव एवं महिला कांस्टेबल वैष्णवी शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें, बैंक अधिकारी बनकर आने वाले संदिग्ध कॉल या मैसेज पर विश्वास न करें तथा किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या संदेश पर अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या नजदीकी थाने के साइबर सेल को सूचित करें।
No comments:
Post a Comment