बस्ती। थाना वाल्टरगंज क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संत कबीरनगर जिले के ग्राम ऊसरा शहीद, ब्लॉक सेमरियावा निवासी अब्दुल कादिर का 21 वर्षीय पुत्र कबीर अपने मित्र नसरुद्दीन (23) के साथ बाइक से जा रहा था। जैसे ही वे वाल्टरगंज थाने से करीब 200 मीटर पहले पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में कबीर का दाहिना पैर टूट गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि नसरुद्दीन भी घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीएचसी सऊघाट से 108 एम्बुलेंस (यूपी 32 एफजी 0710) मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी राधेश्याम शुक्ला और पायलट आवेश अली ने बिना समय गंवाए घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए एम्बुलेंस में शिफ्ट किया और जिला अस्पताल बस्ती के लिए रवाना हुए।
रास्ते में कबीर की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन ईएमटी ने सूझबूझ दिखाते हुए ईआरसी के डॉ. मयंक और ट्रेनर आलोक से संपर्क कर उनके निर्देशों के अनुसार इलाज जारी रखा। समय रहते दी गई चिकित्सा सहायता के कारण मरीज की हालत स्थिर की जा सकी और उसे सुरक्षित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों ने भावुक होकर एम्बुलेंस सेवा और मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर सहायता नहीं मिलती, तो परिणाम गंभीर हो सकते थे। उन्होंने सरकार की 108 एम्बुलेंस सेवा को आम जनता के लिए वरदान बताया।
https://www.facebook.com/share/v/1ESFnmJJdZ/
वीडियो देखने के लिए दिये लिंक को क्लिक कर ओपन करें ☝️

No comments:
Post a Comment