वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा शिवहर्ष किसान पी.जी. कॉलेज में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया, जिसमें जिले के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मेले में देश की 18 प्रतिष्ठित कंपनियों ने लगभग 2000 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा तथा प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सुष्मिता श्रीवास्तव ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
विवेकानंद मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे मेले उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सदर विधायक ने भी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलना युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि यह मेला पूरी तरह निःशुल्क है और अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों में इंटरव्यू देकर चयनित हो सकते हैं।
मेले में लगभग 2500 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 1455 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 21 अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. सुष्मिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment