वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जनपद स्तरीय वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मिशन निदेशक, सीएम युवा, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित हुआ।
शिविर में 18 लाभार्थियों को कुल 75.50 लाख रुपये का डेमो चेक वितरित किया गया, जबकि जनपद स्तर पर कुल 55 लाभार्थियों को 192.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत/वितरित किया गया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ऋण 4 वर्ष तक ब्याज मुक्त दिया जाता है। उन्होंने युवाओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और स्वरोजगार अपनाने की अपील की।
उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा ने बैंक समन्वयकों से लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने का अनुरोध किया। सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम ने योजना की उपयोगिता बताते हुए युवाओं को उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया। साथ ही मौके पर पंजीकरण एवं समस्याओं का समाधान भी कराया गया।
इस अवसर पर उद्योग विभाग के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा लाभार्थी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment