गाजियाबाद। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दमदार प्रदर्शन कर जीत हासिल करना कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब एक साल से भी कम समय बचा है, ऐसे में संगठन को मजबूती देने और जनता के बीच सक्रिय होने की जरूरत है।
रविवार को जनपद के लोनी शहर स्थित राहुल गार्डन में आयोजित लोनी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सतीश शर्मा ने कहा कि यूपी चुनाव में सफलता के बाद पार्टी का लक्ष्य वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है, इसलिए यूपी में जीत बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर तेल और गैस की किल्लत को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल पर छूट देने की बात कही जा रही है, लेकिन हकीकत में पेट्रोल पंपों पर ऐसी कोई राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने भाजपा पर झूठी बयानबाजी का आरोप लगाते हुए जनता से सचेत रहने की अपील की।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में कॉर्डिनेटर राजकुमार पंडित और जिला महासचिव विनोद धामा ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मामराज प्रधान, जिला महासचिव रिजवान मलिक, रियाज सैफी तथा मंडल अध्यक्ष आबिद अली समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोनी शहर अध्यक्ष अजय शर्मा ने की, जबकि संचालन विनोद धामा ने किया।

No comments:
Post a Comment