बस्ती। हर्रैया क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी रितिका शुक्ला ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। अपने पहले ही प्रयास में असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) जैसे प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर उन्होंने कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास की मिसाल पेश की है।
रितिका की सफलता की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर व फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी इस उपलब्धि का जश्न मनाया। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
रितिका की प्रारंभिक शिक्षा लिटिल फ्लावर्स, कटरा से हुई। इसके बाद उन्होंने बालिका विद्या मंदिर, रामबाग से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा आर.सी.सी. डिग्री कॉलेज से स्नातक व बीएड तथा शिव हर्ष किसान पी.जी. कॉलेज, बस्ती से एमएससी की डिग्री हासिल की।
रितिका के पिता शिव सहाय शुक्ल अधिवक्ता हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के स्वाध्याय और निरंतर परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया, जो उनकी लगन और आत्मविश्वास को दर्शाता है।
रितिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को दिया है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी की, जिससे यह सफलता संभव हो सकी।
स्थानीय लोगों, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने रितिका की इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। रितिका ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास किया जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है।
रितिका शुक्ला की इस उपलब्धि ने बस्ती जनपद को एक बार फिर गौरवान्वित किया है और यह संदेश दिया है कि यहां की बेटियां भी हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं।

No comments:
Post a Comment