गाजियाबाद। सिविल लाइन चौकी क्षेत्र के थाना कोतवाली इलाके में होली के दिन अज्ञात चोरों ने एक ट्रेवल एजेंसी में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। जानकारी के अनुसार जीटी रोड स्थित थापर प्लाजा में जय माता ट्रेवल्स के कार्यालय का शीशा तोड़कर चोर गल्ला लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक घटना शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच की है। चोरों ने दुकान का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि चोर करीब डेढ़ घंटे तक दुकान के अंदर बैठे रहे और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गल्ले में उस दिन की बिक्री के साथ ही पिछले दिन की सेल के भी काफी पैसे रखे हुए थे।
पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध लोग दिखाई देने के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने में टालमटोल कर रही है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे लोग नशेड़ी लग रहे हैं, इसलिए उन्हें ढूंढना मुश्किल है। वहीं मौके पर खून के निशान भी दिखाई देने की बात कही जा रही है।
पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और चोरी हुए पैसों की बरामदगी की मांग की है।

No comments:
Post a Comment