महादेवा (बस्ती) लालगंज थाना क्षेत्र के कैतहां गांव में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब तालाब में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ टीम ने युवक का शव तालाब से बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैतहां गांव निवासी प्रदीप उर्फ करिया गुप्ता (36 वर्ष) पुत्र चंद्रसेन गुप्ता बुधवार को दोपहर बाद लगभग एक बजे होली खेलने के बाद गांव के ही तालाब में नहाने के लिए गए थे। काफी देर तक घर वापस न आने पर परिजनों को आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब के आसपास खोजबीन की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने प्रदीप का शव तालाब से बरामद किया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक प्रदीप उर्फ करिया गुप्ता पाँच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। एक भाई की मृत्य पहले ही हो चुकी है।उनके परिवार में पत्नी और पांच वर्ष की एक बेटी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी लालगंज संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

No comments:
Post a Comment