गाजियाबाद। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने दिल्ली के उत्तम नगर में एक हिंदू युवक की हत्या की घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस दुखद घटना को राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने और वोटो की खेती करने की कोशिश कर रही है, जो बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि इस मामले में दोषी समुदाय के अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कई लोग जेल में हैं। ऐसे में साफ है कि कानून अपना काम कर रहा है और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके बावजूद भाजपा नेताओं द्वारा इस घटना का राजनीतिकरण करना बेहद गलत और गैरजिम्मेदाराना है।
उन्होंने विशेष तौर पर उन बयानों की कड़ी आलोचना की जिनमें कुछ लोग ईद के मौके पर “होली मनाने” जैसी बातें कर रहे हैं। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि इस तरह के बयान समाज में तनाव बढ़ाने वाले हैं और किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकते।
कांग्रेस नेता ने मृतक युवक की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अपराध चाहे कोई भी करे, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। लेकिन जब आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, तब राजनीतिक दलों को माहौल भड़काने के बजाय न्यायालय की प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने सभी धर्मों और समुदायों से अपील करते हुए कहा कि ईद के मौके पर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना देश की परंपरा रही है। भारत की असली ताकत उसकी विविधता और एकता में है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि 'भारत मां के चार सिपाही—हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई—मिलकर इस देश की ताकत हैं। यदि कभी उनके बीच मतभेद भी होता है, तो उसे बातचीत और समझदारी से सुलझाया जाना चाहिए, न कि राजनीतिक लाभ के लिए भड़काया जाना चाहिए।'
No comments:
Post a Comment