वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा एवं अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित सेल्स अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति निरंतर और सुचारु रूप से बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में इन सभी आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए।
उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस खरीदें तथा अनावश्यक भंडारण से बचें, ताकि सभी को समान रूप से आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार के साथ ही इंडियन ऑयल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल के सेल्स अधिकारी तथा आपूर्ति विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment