वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता गोरखपुर
गोरखपुर। खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर सर्राफा व्यापारी के कर्मचारी से 9.50 लाख रुपये लूटकर सनसनी फैलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 80 हजार रुपये नकद, एक बलेनो कार और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि 30 जनवरी को पीपीगंज निवासी सर्राफा व्यापारी बलिराम जायसवाल के कर्मचारी संजय पाल 9.50 लाख रुपये नकद लेकर घंटाघर स्थित दुकान से गीता प्रेस रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने जा रहे थे। सुबह करीब 11:15 बजे जब वह कालीबाड़ी मंदिर के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
आरोपियों में से एक ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए कर्मचारी पर रौब झाड़ा और रुपये से भरा झोला अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसने कर्मचारी से जीएसटी से संबंधित कागजात मांगे। कर्मचारी के पास कागजात न होने पर आरोपी ने उसे दुकान से कागजात लाने को कहा और झोला अपने पास रख लिया। कर्मचारी जब घबराकर कागजात लेने दुकान गया, उसी दौरान आरोपी अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
घटना के बाद व्यापारी बलिराम जायसवाल ने राजघाट थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस ने शनिवार को कोतवाली क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हैदर अली पुत्र सब्बीर अली निवासी पिपरिया जनपद होशंगाबाद (मध्य प्रदेश) तथा मुस्तफा अली पुत्र सोहराब अली निवासी जलालपुर थाना असंद्रा जनपद बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 17/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। सीओ कोतवाली ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बलेनो कार, एक बाइक और 1.80 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

No comments:
Post a Comment