गोरखपुर। राजकीय औद्योगिक संस्थान, चरगांव में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता परिषद की महिला शाखा की अध्यक्ष श्रीमती विनीता सिंह ने की, जबकि संचालन मंत्री डॉ. सरिता सिंह ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल उपस्थित रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने विभागीय पदोन्नति में हो रही विसंगतियों पर चिंता जताते हुए उन्हें दूर करने की मांग की।
परिषद ने मुख्यमंत्री, कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा मंत्री, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक तथा प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास को पत्र भेजकर नियमानुसार पदोन्नति सुनिश्चित करने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया कि राजकीय आईटीआई संस्थान भारत सरकार के डीजीटी (Directorate General of Training) के मानकों के अनुसार संचालित होते हैं, जिनमें प्रधानाचार्य एवं ग्रुप इंस्ट्रक्टर (फोरमैन) पदों पर 25 प्रतिशत पदोन्नति कोटा डिग्री धारक अनुदेशकों के लिए निर्धारित है। परिषद का आरोप है कि प्रस्तावित नई सेवा नियमावली में इस प्रावधान को उचित स्थान नहीं दिया गया, जिससे पदोन्नति के अवसर प्रभावित हो रहे हैं।
परिषद ने मांग की है कि नई सेवा नियमावली में अनुदेशक से प्रधानाचार्य और फोरमैन पदों पर 25-25 प्रतिशत पदोन्नति कोटा सुनिश्चित किया जाए, ताकि संस्थानों की गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और तकनीकी विकास को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने परिषद की मांगों का समर्थन करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई। इस अवसर पर परिषद के कई पदाधिकारी एवं आईटीआई कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment