वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 से संबंधित डिजिटल टूल्स तथा प्रथम चरण के मकान सूचीकरण और मकानों की गणना को लेकर जिला स्तरीय एवं चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा कार्य की रूपरेखा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। जनगणना निदेशालय से उप निदेशक जनगणना एवं मंडल प्रभारी संजय कुमार, जिला प्रभारी जनगणना सुजीत कुमार श्रीवास्तव तथा नागेन्द्र यादव ने चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना होगा। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या एवं जाति की गणना की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, उपायुक्त मनरेगा प्रभात द्विवेदी, उपजिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, उपजिलाधिकारी धनघटा डॉ. सुनील कुमार, अपर उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment