वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। समाज कल्याण मंत्रालय के तहत संचालित आवासीय कोचिंग और मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 2 अभ्यर्थियों तथा अभ्युदय योजना के अंतर्गत आयोजित मॉक इंटरव्यू में शामिल 4 अभ्यर्थियों का चयन सिविल सेवा परीक्षा (यूपीएससी) 2025 में हुआ है।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि प्रदेश के हर मेधावी युवा को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी भवन स्थित आवासीय कोचिंग से विमल कुमार को 107वीं तथा विपिन देव यादव को 316वीं रैंक प्राप्त हुई है। वहीं अभ्युदय योजना के अंतर्गत आयोजित मॉक इंटरव्यू में शामिल मानसी को 444वीं, महेश जायसवाल को 590वीं, अदिति सिंह को 859वीं और तनीषा सिंह को 930वीं रैंक प्राप्त हुई है।
समाज कल्याण मंत्रालय द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए भागीदारी भवन में आवासीय कोचिंग संचालित की जा रही है। यहां सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारी अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देते हैं।
कोचिंग के दौरान विद्यार्थियों को निशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकालय, अध्ययन सामग्री तथा ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।

No comments:
Post a Comment