वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होली त्यौहार के दृष्टिगत सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद बस्ती में शनिवार, 01 मार्च 2026 को व्यापक संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।
परिवहन विभाग के नेतृत्व में परिवहन निगम एवं वाणिज्य कर (जीएसटी) विभाग की संयुक्त टीम ने डबल डेकर बस, एसी बस एवं अन्य यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए हाईवे किनारे खड़े वाहनों की जांच की गई तथा प्राइवेट बसों के चालकों व परिचालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने यात्रियों से मनमाना किराया न लेने, किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने के संबंध में भी सख्त हिदायत दी। बसों की जांच के दौरान मुख्य गेट के साथ-साथ इमरजेंसी गेटों की भी विशेष रूप से जांच की गई। मौके पर इमरजेंसी गेट खुलवाकर उसकी कार्यक्षमता सुनिश्चित की गई, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
संयुक्त अभियान के दौरान कुल 74 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 16 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई तथा एक बस को नियम उल्लंघन के चलते निरुद्ध किया गया।
अभियान में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार मौर्य, यात्री कर अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष भटनागर, जीएसटी विभाग के अधिकारी एवं प्रवर्तन टीम के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

No comments:
Post a Comment