बस्ती। हर्रैया बीआरसी सभागार में सोमवार को आयोजित निपुण सम्मान समारोह में ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों की उल्लेखनीय शैक्षिक उपलब्धि सामने आई। डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा कराए गए असेसमेंट में 123 विद्यालयों में से 53 विद्यालय ‘निपुण’ घोषित किए गए, जिन्हें समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, लगन और बच्चों के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयास अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगे हैं।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि आगामी सत्र में पूरा ब्लॉक ‘निपुण’ बन सके।
इस अवसर पर एआरपी सन्तोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, रवीश कुमार मिश्र, राजीव शुक्ल और काशीराम ने भी शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अभिभावकों से समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे और सभी ने शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment