<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, March 14, 2026

यूपी में आज से उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा, 1090 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में 15 लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा


लखनऊ । उत्तर प्रदेश में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू हो रही है। प्रदेश के सभी जिलों में बनाए गए 1090 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो दिनों तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी। सरकार ने परीक्षा को निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के आदेश के बाद प्रदेश के सभी कमिश्नरेट और जिलों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके।
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए कुल 372 राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके साथ 2142 निरीक्षक, 7640 उपनिरीक्षक, 8479 मुख्य आरक्षी और 12,969 आरक्षियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 749 होमगार्ड भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। वहीं, सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पीएसी की 4 कंपनियां और 2 प्लाटून जिलों में तैनात की गई हैं, जबकि 3 प्लाटून पीएसी जीआरपी को दी गई हैं। इसके अतिरिक्त सभी जिलों में एलआईयू और यातायात पुलिस को भी पर्याप्त संख्या में लगाया गया है।
परीक्षा शनिवार और रविवार को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने, उपस्थिति पत्रक भरने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए निर्धारित परीक्षा समय के अतिरिक्त पांच मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली हैं। जिलों में प्रश्नपत्र पहुंचने के बाद उन्हें डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। शुक्रवार से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या पेपर लीक की कोशिश को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। सॉल्वर गैंग और पेपर लीक गिरोहों पर विशेष नजर रखने के लिए एसटीएफ समेत अन्य खुफिया एजेंसियां सक्रिय हैं।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें उनके गृह जनपद के मंडल के भीतर ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, ताकि उन्हें आवागमन में ज्यादा परेशानी न हो।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के कुल 4543 पदों को भरा जाएगा। इसके लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए हैं।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages