<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, March 25, 2026

विश्व टीबी दिवस पर 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ, टीबी मुक्त भारत का संकल्प दोहराया

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत विश्व टीबी दिवस (24 मार्च) के अवसर पर विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संगोष्ठी आयोजित कर 100 दिवसीय टीबी अभियान, टीबी मुक्त भारत ऐप एवं टीबी मुक्त अरबन वार्ड पहल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025 में जनपद की 278 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार द्वारा 100 दिवसीय अभियान चलाकर टीबी उन्मूलन को जन आंदोलन बनाया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत उच्च जोखिम वाले समूहों की पहचान कर स्क्रीनिंग, एक्स-रे और जरूरत पड़ने पर नाट जांच कराई जाएगी, जिससे टीबी से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। जनपद में तीन हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन उपलब्ध हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने कहा कि टीबी किसी भी व्यक्ति को हो सकती है, लेकिन इसका इलाज पूरी तरह संभव है। उन्होंने लोगों से जागरूकता बढ़ाने और मरीजों को समय पर उपचार दिलाने की अपील की। साथ ही निःक्षय मित्र बनकर मरीजों की मदद करने का आह्वान किया।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता ने बताया कि जनपद में सीबी-नाट और ट्रू-नाट मशीनों सहित सभी सीएचसी पर मुफ्त जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम में 11 मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई तथा टीबी जागरूकता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो टीबी चैंपियनों को सम्मानित किया गया।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages