वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के मेडिसीन विभाग में आयोजित सम्मान समारोह में नॉर्वे से आए वरिष्ठ पत्रकार एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता डॉ. सुरेश चन्द्र शुक्ल ‘शरद आलोक’ और डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. यशवंत वीरोदय को शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिसीन विभागाध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र आतम ने की तथा संचालन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार ने किया। अपने संबोधन में प्रो. वीरेंद्र आतम ने कहा कि चिकित्सा, साहित्य और संस्कृति के समन्वय से ही समाज का समग्र विकास संभव है।
डॉ. शरद आलोक ने कहा कि यूरोप के कई देशों में भारतीय संस्कृति, योग, अध्यात्म और हिन्दी साहित्य के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। भाषा और साहित्य देशों के बीच संवाद और आपसी समझ को सुदृढ़ बनाते हैं।
प्रो. यशवंत वीरोदय ने कहा कि शिक्षा और साहित्य समाज को वैचारिक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। विश्वविद्यालयों में ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक संवेदनशीलता प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर मेडिसीन विभाग के शिक्षक, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

No comments:
Post a Comment