बस्ती। सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह ने आयुक्त सभागार में आयोजित मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जाए। इसके लिए मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति को गाइडलाइन के अनुरूप विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए जनहित में कार्य करना होगा।
बैठक में परियोजना निदेशक एनएचआई ने अवगत कराया कि मुख्यालय स्तर से ओवरस्पीड कैमरे लगाए जाने की स्वीकृति मिल चुकी है, जिन्हें फरवरी 2026 के अंत तक स्थापित कर दिया जाएगा। एटीएमएस/कैमरा इंस्टॉलेशन का कार्य संवेदक द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है तथा आवश्यक उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया चल रही है। मण्डलायुक्त के निर्देश पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सांकेतिक बोर्ड भी स्थापित करा दिए गए हैं।
यातायात निरीक्षक अवधेश तिवारी ने बताया कि बड़ेवन क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने तथा हाईमास्ट के क्रियाशील न होने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। इस पर एनएचआई के निदेशक ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही प्रकाश व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।
मण्डलायुक्त के निर्देश पर एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि वाहनों की फिटनेस, लाइसेंस की वैधता तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
जनपद में गुड सेमेरिटन के रूप में कार्यरत प्रमोद ओझा ने छावनी के पास रामरेखा पुल की टूटी रेलिंग को दुर्घटना का कारण बताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना की स्थिति में एएनएचआई के पास वाहन उपलब्ध है, लेकिन गैस कटर सहित अन्य आवश्यक उपकरणों की कमी है, जिससे आपात स्थिति में घायलों की सहायता प्रभावित हो सकती है।
बैठक का संचालन आरटीओ प्रवर्तन बस्ती मण्डल सुरेश कुमार मौर्या ने किया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी बस्ती राजीव निगम, मुख्य चिकित्साधिकारी संतकबीर नगर, आरटीओ फरीउद्दीन, सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ल, सीओ सत्येन्द्र भूषण तिवारी सहित संबंधित मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment