वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद बस्ती के थाना परसरामपुर पर नियुक्त वरिष्ठ उप निरीक्षक अजय कुमार गौड़ के निधन के पश्चात पुलिस लाइन बस्ती में उनके सम्मान में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जवानों ने दिवंगत उप निरीक्षक की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा एकजुट होकर शोक सलामी दी।
शोक सभा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती, क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने पुलिस लाइन में उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। अधिकारियों ने दिवंगत उप निरीक्षक के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी एवं इस दुःखद घड़ी में ढाढ़स बंधाया।
अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग उनके परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment