लखनऊ। होली पर्व को देखते हुए नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग ने शहर में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। 04 मार्च 2026 को होली के दिन शहर के सभी क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए विस्तृत व्यवस्था लागू की जाएगी।
जीएम जलकल कुलदीप सिंह ने बताया कि नगर निगम के तीनों जलकल प्लांट, सभी ओवरहेड टैंक तथा शहर के सभी नलकूप पूरी तरह से चालू रहेंगे। होली के दिन सभी जोनों में प्रातः 05:00 बजे से 09:00 बजे तक नलकूपों से सीधे जलापूर्ति की जाएगी, ताकि लोगों को सुबह के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा सभी ओवरहेड टैंकों से दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक उच्च दबाव के साथ पानी की सप्लाई दी जाएगी।
वहीं ऐशबाग जलकल, बालागंज जलकल और तृतीय जलकल कठौता से भी निर्धारित समय के अनुसार जलापूर्ति की जाएगी। इन केंद्रों से सुबह 05:00 बजे से 09:00 बजे तक, दोपहर 12:00 बजे से शाम 03:00 बजे तक तथा शाम 05:00 बजे से रात 09:00 बजे तक पानी उपलब्ध कराया जाएगा। जलकल विभाग ने बताया कि जिन स्थानों पर हर वर्ष होली के अवसर पर पेयजल टैंकर लगाए जाते हैं, वहां इस बार भी टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे जरूरत वाले क्षेत्रों में पानी की कमी न होने पाए।
होली के दौरान पानी या सीवर से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए सभी जोनों के अभियंताओं के मोबाइल फोन 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। नागरिक जलकल विभाग के कंट्रोल रूम नम्बर 8177054100, 8177054003 एवं 8177054010 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त सीवर से जुड़ी समस्याओं के लिए मेसर्स सुएज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के टोल फ्री कंट्रोल रूम नम्बर 18003130522 पर भी शिकायत की जा सकती है।
No comments:
Post a Comment