- प्रवासी मजदूरों और कमजोर वर्ग के लिए योजना बनी सुरक्षा कवच, 23 लाख से अधिक राशन कार्ड लेन-देन दर्ज
गोरखपुर। सांसद रवि किशन शुक्ला द्वारा लोकसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने बताया कि वन नेशन–वन राशन कार्ड (ONORC) योजना गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में अत्यंत सफल रही है। योजना से प्रवासी श्रमिकों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों और कमजोर वर्गों को बड़ा लाभ मिला है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अब तक करोड़ों पोर्टेबिलिटी लेनदेन सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। वहीं गोरखपुर ज़िले में लगभग 23 लाख राशन कार्ड ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए हैं।
ONORC के माध्यम से उत्तर प्रदेश में 32.7 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न का वितरण किया गया, जिसमें से 0.49 लाख मीट्रिक टन गोरखपुर के लाभार्थियों को मिला। योजना ने विशेष रूप से उन प्रवासी मजदूरों को राहत दी जो रोजगार के लिए राज्य या देश के अन्य हिस्सों में जाते हैं।
सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा, “वन नेशन–वन राशन कार्ड योजना गरीब और श्रमिक वर्ग के लिए सुरक्षा कवच साबित हुई है। गोरखपुर और पूर्वांचल के प्रवासी मजदूर अब देश के किसी भी कोने में राशन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प का जीवंत उदाहरण है।”
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार के अनुसार, देशभर में योजना बिना किसी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जिससे पारदर्शिता और भरोसा दोनों मजबूत हुए हैं।
सांसद रवि किशन ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह योजना और अधिक प्रभावी होगी और कोई भी ज़रूरतमंद नागरिक खाद्यान्न से वंचित नहीं रहेगा।

No comments:
Post a Comment