वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
मेरठ। राज्यसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मेरठ का इतिहास देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से गहराई से जुड़ा है और इसी गौरवशाली विरासत को ध्यान में रखते हुए मेरठ रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया है।
| अश्विनी वैष्णव |
रेल मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक रूप से तैयार किया गया स्टेशन का डिज़ाइन अत्यंत आधुनिक था, लेकिन उसमें मेरठ के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े पहलुओं का समुचित प्रतिबिंब नहीं हो पा रहा था। इसी कारण उन्होंने सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी से आग्रह किया कि वे मेरठ के वरिष्ठ नागरिकों और प्रबुद्धजनों के साथ विचार-विमर्श कर ऐसा डिज़ाइन तैयार करें, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने सभी वर्गों को साथ जोड़ते हुए एक विजनरी डिज़ाइन प्रस्तुत किया है, जिसके अनुरूप वर्तमान में स्टेशन के पुनर्निर्माण का कार्य प्रगति पर है। रेल मंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना भी की।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि स्टेशन का पुनर्निर्माण चालू रेल यातायात के बीच किया जा रहा है, जिसके चलते सुरक्षा और सावधानी के विशेष उपाय अपनाने पड़ते हैं। इसके बावजूद कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जर्मनी के बर्लिन जैसे शहरों में इस प्रकार के पुनर्निर्माण कार्यों में 8 से 10 वर्ष तक का समय लगा, जबकि भारत में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य कहीं अधिक गति से किया जा रहा है।
रेल मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मेरठ रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप आने वाले 50 से 100 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है, जो आधुनिक सुविधाओं से युक्त होने के साथ-साथ देश के स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक विरासत को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा।

No comments:
Post a Comment