वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय (बीबीडीयू), लखनऊ के डॉ. अखिलेश दास गुप्ता ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा भारत सरकार के ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम एवं ‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय विज़न से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन बीबीडी ग्रुप की चेयरपर्सन श्रीमती अलका दास गुप्ता एवं प्रेसिडेंट विराज सागर दास के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं यूथ आइकन दुर्गेश त्रिपाठी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, युवा विंग–एकल अभियान) का स्वागत कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. के. श्रीवास्तव ने किया। दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के पश्चात श्री त्रिपाठी ने ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि यह मंच युवाओं को डिजिटल रूप से राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
कुलपति डॉ. एस. के. श्रीवास्तव ने कहा कि बीबीडीयू शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को देश की विकास यात्रा का सहभागी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर एवं चीफ प्रॉक्टर डॉ. एस.एम.के. रिज़वी ने आत्म-अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी को विकसित राष्ट्र की आधारशिला बताया।
‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें छात्रों ने राष्ट्रीय व सामाजिक मुद्दों पर प्रभावी विमर्श किया। निर्णायक मंडल में पल्लवी सिंह (डायरेक्टर, आकार IAS), डॉ. आशीष कौशल, डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. त्रिशला सिंह एवं डॉ. आशीष कुमार शामिल रहे।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. (डॉ.) प्रभाश चंद्र पाठक ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। ‘माय भारत’ स्टॉल्स के माध्यम से सैकड़ों छात्रों का पंजीकरण कराया गया। अंत में स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


No comments:
Post a Comment