वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र बस्ती संजीव त्यागी, मंडलायुक्त बस्ती मंडल बस्ती अखिलेश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ० यशवीर सिंह द्वारा गुरुवार को संयुक्त रूप से भदेश्वरनाथ मंदिर (बाबा भदेश्वरनाथ धाम) परिसर का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण 15 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले शिवरात्रि मेला/पर्व (महाशिवरात्रि) को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से किया गया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा, शांति, कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का सही संचालन सुनिश्चित करने तथा सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, अतः ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मय पुलिस बल, पीआरओ पुलिस अधीक्षक बस्ती तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment