वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्रांतर्गत बाल विकास कार्यालय खलीलाबाद में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ “साइबर अपराधों से बचाव” विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 105 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एकत्रित कर साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक किया गया।
बताया गया कि साइबर अपराधी स्वयं को विभागीय अधिकारी बताकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फोन करते हैं और विश्वास में लेकर लाभार्थियों की जानकारी प्राप्त करते हैं। इसके बाद कॉन्फ्रेंस कॉल के माध्यम से लाभार्थियों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर फर्जी क्रेडिट, वर्क फ्रॉम होम, पुलिस प्रतिरूपण तथा एपीके फाइल आदि के जरिए ठगी की जाती है।
गोष्ठी के दौरान कार्यकर्ताओं को अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, ई-मेल, लॉटरी ऑफर, क्यूआर कोड स्कैन, फर्जी क्रेडिट ऑफर, वर्क फ्रॉम होम, पुलिस प्रतिरूपण और एपीके फाइल के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अपने बैंक खाते का विवरण, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
यह कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम अमित कुमार के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना द्वारा आयोजित किया गया। गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम जय प्रकाश चौबे, उपनिरीक्षक रमेश यादव, आरक्षी रामप्रवेश मद्धेशिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के लिए प्रेरित करना रहा।

No comments:
Post a Comment