गोरखपुर। वेटर अभिषेक सिंह की चाकू घोंपकर की गई हत्या के मामले में गीडा पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उनके बयानों का आपस में मिलान कराया जा रहा है। पुलिस रंजिश के एंगल पर खासतौर पर फोकस कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी या तात्कालिक विवाद वजह बना।
नौसढ़ निवासी अभिषेक सिंह का शव शनिवार की सुबह पेवनपुर गांव के सीवान में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से वार किए जाने की पुष्टि हुई है। पिता विजय सिंह की तहरीर पर हरैया गांव निवासी आकाश, अक्षय, निखिल और नौसढ़ के प्रदीप चौहान व रवि पासवान के विरुद्ध रंजिश में हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सीसी कैमरे के फुटेज में अभिषेक को हत्या से पहले बाघागाड़ा क्षेत्र में शराब खरीदते हुए देखा गया है। शराब की बोतल के क्यूआर कोड और ढक्कन के माध्यम से खरीद से जुड़ी जानकारी जुटाई गई है। इसके बाद वह कहां-कहां गया, किससे मिला और कैसे घटनास्थल तक पहुंचा इन सभी बिंदुओं की टाइमलाइन तैयार की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि अभिषेक का शव उसके घर से करीब पांच किलोमीटर दूर मिला। पुलिस को अब तक के साक्ष्यों में यह संकेत मिले हैं कि वह पैदल ही घटनास्थल की ओर गया था। सीसी कैमरे के फुटेज में एक स्थान पर तीन लोग दिखे हैं।
इससे पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंच रही है कि वारदात की योजना और घटनास्थल का चयन सोच-समझकर किया गया।पुलिस अभिषेक के कामकाज, दोस्तों और हाल के दिनों में हुए विवादों की भी पड़ताल कर रही है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले उसकी किससे बातचीत हुई थी और किन लोगों से उसका तनाव चल रहा था।
इसके लिए काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे हत्या से पहले और बाद की गतिविधियों की स्थिति साफ हो सके। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो जाएगी।
No comments:
Post a Comment