<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, February 11, 2026

दिल्ली–गुवाहाटी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से चलाने की लोकसभा में उठी मांग

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


गोरखपुर। लोकसभा में अपने वक्तव्य के दौरान सांसद रवि किशन शुक्ल ने दिल्ली से गुवाहाटी के मध्य प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से संचालित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पूर्वांचल बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।

सांसद ने सदन के माध्यम से रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि गोरखपुर–सिवान मार्ग पर वर्तमान में कोई भी हाई-स्पीड या सेमी-हाई स्पीड आधुनिक ट्रेन संचालित नहीं है। इस रूट पर चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में वर्षभर भारी भीड़ रहती है, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता और लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या आम हो गई है। त्योहारों और विशेष अवसरों पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर पूर्वांचल का प्रमुख शहर होने के साथ धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोरखनाथ मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों के कारण यहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं। साथ ही यह क्षेत्र व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी है। पूर्वांचल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों लोग रोजगार, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में दिल्ली तथा पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा करते हैं।

सांसद रवि किशन ने कहा कि यदि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से संचालित किया जाता है तो यात्रा समय में कमी आएगी और यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय व्यवसायों को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि गुवाहाटी पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार है और वहां तक बेहतर रेल संपर्क स्थापित करना राष्ट्रीय एकता एवं संतुलित क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। तेज एवं आधुनिक रेल सेवा से पूर्वांचल और पूर्वोत्तर के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध और मजबूत होंगे।

अंत में सांसद रवि किशन शुक्ल ने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्री से जनहित, धार्मिक महत्व और व्यापारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली–गुवाहाटी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से संचालित करने की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का आग्रह किया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages