वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 11 फरवरी 2026 को संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय बस्ती में सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद बस्ती के चालक, परिचालक एवं वाहन स्वामियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार मौर्य ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालक सदैव हेलमेट का प्रयोग करें तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) माला वाजपेई ने अपील की कि सभी वाहन चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक प्रपत्रों के साथ ही वाहन चलाएं, ताकि दुर्घटनाओं और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
कार्यशाला में जिला अस्पताल के डॉक्टर तुलस्यान ने वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना अत्यंत खतरनाक है। नशा करने के बाद मस्तिष्क की कार्यक्षमता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
इस अवसर पर चालक, परिचालक, वाहन स्वामी एवं परिवहन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

No comments:
Post a Comment