वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में 22 फरवरी 2026 (रविवार) को एचआरपीजी कॉलेज, खलीलाबाद में आयोजित होने वाले मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुनील कुमार सिंह एवं जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार, कार्ययोजना एवं सफल संचालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यह शिविर हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एचआरपीजी कॉलेज), खलीलाबाद में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ दिलाना तथा विभागीय स्टॉल/कैंप के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित पात्र लाभार्थियों को शिविर में योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। साथ ही योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु स्टॉल/कैंप लगाकर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।
उन्होंने समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, कृषि, पिछड़ा वर्ग कल्याण, पंचायती राज, उद्योग, मत्स्य, पशुपालन, श्रम, युवा कल्याण, चिकित्सा, डूडा, प्रोबेशन, नेडा सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि 15 फरवरी तक लाभार्थियों की सूची निर्धारित प्रारूप में जिला विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएं तथा मोबाइल नंबर 9415251214 पर सूचना भी दें।
बैठक में अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, युवा कल्याण अधिकारी आराधना द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment