वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त थानों के विवेचकों की समीक्षा बैठक (ओआर) की गई। बैठक के दौरान लंबित विवेचनाओं, विशेषकर हत्या, गैर इरादतन हत्या, अपहरण एवं गैंगेस्टर अधिनियम से संबंधित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिक समय से लंबित मामलों के कारणों की जानकारी लेते हुए अकारण विवेचना लंबित रखने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनशिकायतों की सुनवाई कर तत्काल जांच एवं विधिक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी विवेचना अत्यंत आवश्यक है। विवेचकों को भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरतने की चेतावनी दी गई। प्रभारी निरीक्षकों को अपने अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा कर समय से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान विवेचना संबंधी प्रश्नों के सही उत्तर देने पर थाना कोतवाली खलीलाबाद की औद्योगिक चौकी प्रभारी को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, रीडर वाचक पुलिस अधीक्षक रामआशीष यादव, प्रधान लिपिक उमाशंकर यादव, पीआरओ पुलिस अधीक्षक मनीष जायसवाल सहित समस्त चौकी प्रभारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment