वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) द्वारा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे अत्याधुनिक खेल संसाधनों और बेहतर प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहा है। भारतीय कुश्ती संघ द्वारा 14 से 16 फरवरी 2026 तक गाजियाबाद में आयोजित सीनियर नेशनल फेडरेशन कप कुश्ती प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के पहलवान अरशद ने 55 किलोग्राम ग्रीको रोमन शैली में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। वहीं सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में अभ्यास करने वाले शिवम यादव ने 87 किलोग्राम ग्रीको रोमन शैली में बेहतरीन खेल दिखाते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
इन खिलाड़ियों की उपलब्धि पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं संरक्षक/नरसा उदय बोरवणकर, अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण एवं अध्यक्ष/नरसा अभय कुमार गुप्ता, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/पीएम एवं उपाध्यक्ष/नरसा बिजय कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एवं महासचिव/नरसा पंकज कुमार सिंह तथा सहायक क्रीड़ाधिकारी चन्द्र विजय सिंह सहित नरसा के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी।
अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संगठन का नाम रोशन करते रहेंगे।

No comments:
Post a Comment