पटखौली की टीम ने भीवापार को 34 रनों से हराया
वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। रविवार को किसान इंटर कॉलेज भानपुर में समाजसेवी मनोज सिंह के नेतृत्व में आयोजित स्वर्गीय रघुनाथ सिंह व स्वर्गीय राजकुमार चौधरी स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल एवं उप जिलाधिकारी भानपुर हिमांशु कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फीता काटकर किया।
पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को नशे और गलत रास्तों से दूर रखकर खेल के माध्यम से अनुशासन एवं टीम भावना सिखाते हैं।
विशिष्ट अतिथि उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिताएं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत होती हैं। इससे खेल प्रतिभा के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है।
टूर्नामेंट के पहले दिन भीवापार और पटखौली की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें पटखौली की टीम ने बेहतर खेल दिखाते हुए भीवापार को 34 रनों से पराजित कर मैच अपने नाम किया। दर्शकों ने तालियों और नारों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट के दौरान आयोजकों द्वारा जरूरतमंद महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। आयोजक मनोज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं एवं समाजसेवियों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment