बस्ती। महर्षि मस्जिद मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा एवं वशिष्ठ रामायण कथा के पूर्व आयोजित भव्य आमंत्रण रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। गुरु तीर्थ वशिष्ठ आश्रम से अयोध्या धाम के लिए गाजे-बाजे और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ सैकड़ों मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों का लंबा काफिला रवाना हुआ।
दो सजे-धजे रथों पर सिद्धिविनायक गणेश जी, महर्षि वशिष्ठ, श्रृंगी ऋषि एवं देवरहा बाबा की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। यात्रा के दौरान कप्तानगंज, महाराजगंज, हरैया, छावनी सहित दर्जनों स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथ यात्रियों का भव्य स्वागत किया। भीड़ का आलम ऐसा था कि वशिष्ठ आश्रम बढ़नी से अयोध्या पहुंचने में यात्रियों को करीब पांच घंटे का समय लगा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक लेन में लंबा जाम लगा रहा।
कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में श्रद्धालु श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां मुख्य पुजारी को आमंत्रण पत्र सौंपा गया। इस अवसर को गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत करने वाला ऐतिहासिक क्षण बताते हुए श्री राना ने कहा कि जिस गुरुकुल में प्रभु श्रीराम अपने चारों भाइयों के साथ 12 वर्षों तक शिक्षा ग्रहण किए, वहीं 18 से 26 फरवरी तक वशिष्ठ रामायण कथा का आयोजन होगा। उन्होंने कामना व्यक्त की कि इस कथा में श्रीराम परिवार सहित एवं श्री हनुमंत लाल की विशेष कृपा बनी रहे।
रथ यात्री श्री हनुमानगढ़ी भी पहुंचे और वहां के पुजारी को आमंत्रण पत्र देकर हनुमान जी को भी समारोह में आमंत्रित किया। इसके पश्चात कारसेवक पुरम स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा सभी रथ यात्रियों का स्वागत कर भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई।
श्री राना ने बताया कि 18 से 26 फरवरी तक तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी के श्रीमुख से वशिष्ठ रामायण कथा का वाचन होगा, जिसका रसपान लाखों श्रद्धालु करेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से वशिष्ठ धाम की ख्याति और गौरव देश-विदेश तक पहुंचेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए उन्होंने आमजनमानस से सहयोग की अपील की।
रथ यात्रा में मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश मिश्र, गुरुदत्त मिश्र, मनु पाण्डेय, कपिलदेव सिंह ‘मम्मू’, पं. सरोज मिश्र, विकास मिश्र, राजेश त्रिपाठी, अवधेश मिश्र, संतोष, राकेश मिश्र, कैलाश मोहन, मुकुल मिश्रा, रास बिहारी, आदेश मिश्र, अविनाश मिश्र, डॉ. विजय मिश्र, सुनील गुप्ता, सतीश सोनकर सहित बढ़नी एवं क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment