वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम थाना संतकबीरनगर अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना दुधारा क्षेत्र अंतर्गत अहमद शिक्षण संस्थान, अगया छाता में साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर क्राइम थाना के विशेषज्ञों द्वारा लगभग 450 छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक क्लिक धोखाधड़ी सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज अथवा लिंक पर तत्काल प्रतिक्रिया न दें और किसी भी परिस्थिति में अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
गोष्ठी में यह भी जानकारी दी गई कि साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जाए तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्ट की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और सतर्क रहने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा लगातार इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना जय प्रकाश चौबे, आरक्षी रामप्रवेश मद्धेशिया, आरक्षी राजकुमार यादव, महिला आरक्षी अमृता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment