वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जी वी एम कान्वेंट स्कूल के परिसर में कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की संरक्षिका मानता देवी एवं मुख्य अतिथि श्रीमती रंभा सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन एवं प्रेरक संबोधन के साथ हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने छात्रों को जीवन में आगे बढ़ने, लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कनिष्ठ वर्ग के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य, गीत एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से सीनियर छात्रों को यादगार विदाई दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने कक्षा 12 के छात्रों के लिए गेम्स प्रतियोगिता का भी आयोजन किया, जिससे वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य राकेश श्रीवास्तव ने छात्रों को उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। इस अवसर पर ‘मिस्टर फेयरवेल’ का खिताब अबू हुजैफा एवं ‘मिस फेयरवेल’ का खिताब वंशिका दुबे को प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि रंभा सिंह, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा विशाल केक काटा गया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों एंजेल, अविका, अन्नपूर्णा, माही, नित्य, रोशनी एवं अंशिका द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं जैग कर द्वारा प्रेरणादायक गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा जलपान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन यशिका, प्रतीक्षा, मानसी, जानवी, अलीशा एवं श्रेया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में राकेश, राजेश, गिरीश, जितेंद्र, सुशील, पवन, प्रिंस, जैग, दीपेंद्र, प्रवीन, आलोक, सावित्री, निगहत, शबनम, खुशबू, प्रीति, हिना, रुबीना, अनीता, शिवानी, रेशमा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment