वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में 03 फरवरी 2026 को यांत्रिक कारखाना राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन मुख्य कारखाना प्रबन्धक सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर महाकवि जयशंकर प्रसाद की जयन्ती भी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्य कारखाना प्रबन्धक सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि भारत सरकार की राजभाषा नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन एवं उसका प्रचार-प्रसार हम सभी का संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यालय के शासकीय कार्यों में हिन्दी के प्रयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही सूचना तकनीक से जुड़े क्रियाकलापों में भी हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा दिया गया है।
उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अनुज कुमार मिश्र ने कहा कि कारखाने में अधिकांश कार्य राजभाषा हिन्दी में ही संपादित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राजभाषा में कार्य करने के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ता है।
इस अवसर पर श्रीमती अनामिका सिंह, वरिष्ठ अनुवादक/प्रभारी, मुख्यालय ने प्रसिद्ध साहित्यकार महाकवि जयशंकर प्रसाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जयशंकर प्रसाद का साहित्यिक योगदान अनुपम है। उनकी रचनाएं केवल भावनाओं की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन-दर्शन और उच्च आदर्शों की सशक्त प्रस्तुति हैं।
कार्यक्रम में कारखाने के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन शशिकान्त सिंह, वरिष्ठ अनुवादक एवं अरविन्द कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर/कम्प्यूटर द्वारा किया गया। अंत में सहायक कार्मिक अधिकारी रवि कुमार मिश्र ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
No comments:
Post a Comment