वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी लाइन प्रियम राजशेखर पाण्डेय की उपस्थिति में आरटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 291 रिक्रूट आरक्षियों की अंतिम परीक्षा की तैयारियों के संबंध में कार्यालय अपर पुलिस अधीक्षक में गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान आगामी अंतिम परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक रिक्रूट का पाठ्यक्रम पूर्ण कराया जाए तथा उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण में दक्ष बनाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा से पूर्व आरक्षियों को भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता (नवीन विधि प्रावधानों सहित) एवं पुलिस रेगुलेशन की समुचित जानकारी दी जाए। साथ ही परेड, ड्रिल, शस्त्र संचालन, भीड़ नियंत्रण तथा विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा जैसे व्यावहारिक कौशल विषयों पर विशेष अभ्यास कराया जाए, ताकि आरक्षी सेवा में प्रवेश के लिए पूर्ण रूप से सक्षम हो सकें।
इस अवसर पर प्रभारी आरटीसी श्री दद्दन राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment