वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 22 फरवरी 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में प्रस्तावित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों की समीक्षा हेतु 13 फरवरी 2026 को जनपद न्यायालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती शमसुल हक ने की।
बैठक में जिले के समस्त शासकीय विभागों के अधिकारियों के साथ शिविर की तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जनपद न्यायाधीश ने बताया कि शिविर में सभी विभागों के समन्वय से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से सीधे लाभान्वित भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को विधिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें न्याय और सरकारी योजनाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बस्ती राज बाबू ने बताया कि मीडिया एवं पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्रों) के माध्यम से जनमानस को शिविर में सहभागिता हेतु प्रेरित किया जा रहा है। मेगा शिविर से पूर्व जनपद की सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में लघु शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है, जिन्हें 22 फरवरी को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाया जाएगा।
समीक्षा बैठक में जिला परियोजना निदेशक/नोडल अधिकारी राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. बी.आर. मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजीव निगम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment