वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में पॉच दिवसीय अन्तर संकाय युवा महोत्सव स्पन्दन-2026 की शुरूआत 21 फरवरी शनिवार से होगी। इस युवा सृजनोत्सव में साहित्य, नृत्य-गीत-संगीत, नाट्यकला एवं दृष्य कला संबंधी कुल 31 प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इस महोत्सव में विश्वविद्यालय के सभी संस्थान, संकाय, महिला महाविद्यालय, दक्षिणी परिसर बरकछा तथा सभी सम्बद्ध महाविद्यालय शामिल है । विद्यार्थियों की संख्या और आगंतुकों की सुविधा को देखते हुए मुख्य आयोजन स्थल विश्वविद्यालय एम्फीथियेटर स्थित पंडाल में होगा ।
यह जानकारी गुरूवार को विश्वविद्यालय के सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के सभागार में छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने मीडिया कर्मियों को दी।
उन्होंने बताया कि मुख्य आयोजन स्थल के अलावा पं. ओंकार नाथ ठाकुर प्रेक्षागृह, डॉ. के एन उडुपा प्रेक्षागृह, स्वतंत्रता भवन, दृश्य कला संकाय सभागार, डॉ. कारण सिंह सभागार, मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र सभागार, प्रेक्षागृह कृषि विज्ञान संस्थान तथा विधि संकाय में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इस आयोजन में अध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहयोगी भूमिका रहेगी। पूरे पांच दिन विश्वविद्यालय विभिन्न रंगों के कलात्मक फूलों से सुवासित रहेगा। उन्होंने बताया कि संगीत, कला, साहित्य एवं रंगमंचीय क्षेत्र में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सकारात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष अन्तर संकाय युवा महोत्सव ‘स्पन्दन’ का आयोजन होता है।
स्पन्दन का उद्देश्य युवा रचनात्मक प्रतिभाओं को एक नयी दिशा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव के सफल संचालन के लिए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के निर्देश पर कुल 14 आयोजन समितियां गठित की गयी है। साथ ही स्पर्धाओं के संचालन के लिए सभी नौ कार्यक्रम स्थलों के लिए स्थल समन्वयक भी नामित किए गये हैं।
कुलपति ने प्रो. बीसी कापरी, शारीरिक शिक्षा विभाग को संयोजक एवं प्रो. आरती निर्मल को सह-संयोजक सपन्दन 2026 का नामित किया है, जिनके संयोजन में यह पांच दिवसीय युवा महोत्सव स्पन्दित होगा। महोत्सव के संयोजक प्रो.बीसी कापरी ने बताया कि स्पन्दन 26 का उद्घाटन 21 फरवरी को सांय चार बजे व समापन 25 फरवरी 2026 को होगा।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी । वे छात्रों और शिक्षकों को स्पंदित करने के लिए 90 मिनट की प्रस्तुति देंगी ।
स्पंदन 2026 के कार्यक्रमों में मुख्य रूप से शोभायात्रा निकाली जाएगी एवं तत्पश्चात मेहंदी प्रतियोगिता, रचनात्मक नृत्य, कोरियोग्राफी, शाब्दीय वाद्यवादन, शाब्दीय वादन सितार, लघु नाटिका, अंग्रेजी-हिन्दी-संस्कृत भाषण, निबंध लेखन, तत्काल फोटोग्राफी.
पोस्टर निर्माण हिन्दी-संस्कृत-अँग्रेजी कविता, लोक व जनजातीय नृत्य, रंगोली प्रतियोगिता, मूक अभिनय, वाद-विवाद, कार्टून निर्माण, रेखा चित्र निर्माण, एकल गायन, हिन्दुस्तानी सामूहिक गीत, पाश्चात्य एकल एवं समूह गीत, प्रश्नोतरी प्रतियोगिता, कोलाज एवं तत्काल चित्र कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा ।
No comments:
Post a Comment