वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद के मनहनडीह थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी सुंदर सिंह (75) पुत्र बिरजू सिंह को अचानक सीने में तेज दर्द एवं सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कॉलर दुर्गेश ने तत्काल 108 कंट्रोल रूम को फोन कर मरीज की गंभीर स्थिति की सूचना दी।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस संख्या यूपी 32 एफजी 0838 पर तैनात ईएमटी तेज प्रताप एवं पायलट बृजेश कुमार सिंह बिना विलंब किए घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने प्राथमिक जांच के बाद मरीज को तत्काल एंबुलेंस में शिफ्ट कर जिला अस्पताल के लिए रवाना किया।
रास्ते में मरीज की हालत गंभीर होती देख एंबुलेंस कर्मियों ने कंट्रोल रूम में मौजूद डॉक्टर रोचना से संपर्क किया। डॉक्टर के निर्देशानुसार आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों का उपयोग करते हुए मरीज को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई और निरंतर निगरानी में रखा गया।
समय रहते उचित उपचार मिलने से मरीज की स्थिति स्थिर हुई और उसे सुरक्षित जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों ने एंबुलेंस टीम की तत्परता और सेवा भावना के लिए आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment